पंजाब के अमृतसर में हुए बम धमाकों पर पंजाब पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। अमृतसर में हुए तीन विस्फोट के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बारे में पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने दी। उन्होंने कहा कि हमने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। इनके नाम आजादवीर सिंह, अमरीक सिंह, साहिब सिंह, हरजीत सिंह और धर्मेंद्र सिंह हैं। इनमें से तीन ने विस्फोटकों का प्रबंध किया था। एक महिला से भी पूछताछ की जा रही है।
DGP गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि अमृतसर में कम तीव्रता वाले विस्फोट का मामला सुलझ गया है। 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनका मकसद सिर्फ शांति भग करना था। इन्होंने धमाकों के लिए फटाखों का बारूद इस्तेमाल किया था। उन्होंने कहा कि SGPC टास्क फोर्स ने पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिला मामले को सुलझाया है।
SGPC के प्रधान हरजिंदर धामी ने कहा कि घटना के समय की सारी फुटेज खंगाली गईं। इसके बाद धमाका करने वालों की पहचान की गई। धमाका करने के बाद ये बरामदे में जाकर सो गए थे। वहीं से उसे हिरासत में लिया गया।
विवाहित जोड़ा भी शामिल
पकड़े गए आरोपियों की पहचान आजादवीर सिंह निवासी गांव वडाला कलां (अमृतसर), अमरीक सिंह निवासी गुरदासपुर, साहब सिंह निवासी गेट हकीमा (अमृतसर), धर्मेंद्र व हरजीत निवासी 88 फुट रोड (अमृतसर) के रूप में हुई। गिरफ्तार की गई महिला अमरीक सिंह की ही पत्नी है।
IED असेंबल किया गया
आजादवीर सिंह व अमरीक सिंह ने IED असेंबल किया था। यह लो ग्रेड एक्सप्लोसिव (पोटाश) इन्होंने अमृतसर शहर के अनगढ़ एरिया में रहने वाले साहिब सिंह साबा से लिया था। साहिब सिंह के पास पटाखे बनाने का लाइसेंस है। ये सभी 2 मई से ही गुरु रामदास सराय में कमरा लेकर रह रहे थे।
पहले बम में कोल्डड्रिंक कैन और टिफिन का इस्तेमाल
इन्होंने 6 मई को पहला बम सारागढ़ी पार्किंग के बाहर फोड़ा। यह बम गुरु रामदास सराय में ही असेंबल किया गया। इसमें 2 एनर्जी ड्रिंक के कैन और एक मटैलिक टिफिन इस्तेमाल किया गया। इन तीनों में 200 -200 ग्राम एक्सप्लोसिव डालकर एक पॉलीथीन बैग में रखा गया। बम लेकर आजादवीर सारागढ़ी पार्किंग की छत पर पहुंचा और रस्सी के सहारे नीचे लटका दिया। रात 11.25 बजे इस बम को फोड़ा गया।
पहले बम को बेअसर देख किया दूसरा धमाका
पहले ब्लास्ट के बाद आजादवीर को लगा कि उसका कोई इंपैक्ट नहीं हुआ है। इसके बाद दो कटोरियों को जोड़कर दूसरा बम बनाया गया। यह बम भी गुरु रामदास सराय के बाथरूम में रात 10 बजे असेंबल किया गया। उसके बाद सारागढ़ी पार्किंग की छत पर जाकर सुबह 4 बजे बम को लटका दिया। सुबह 6.15 बजे इसे ब्लास्ट किया गया।
5 दिन में तीसरा ब्लास्ट
बता दें कि गोल्डन टेंपल के करीब 5 दिन में तीसरी बार ब्लास्ट हुआ है। यह ब्लास्ट स्वर्ण मंदिर के लंगर हॉल के करीब रात 12.10 बजे हुआ। धमाके की आवाज सुनते ही हड़कंप मच गया। स्वर्ण मंदिर मैनेजमेंट ने तुरंत इसके बारे में पुलिस को सूचना दी। रात को ही पुलिस ने वहां पहुंचकर धमाके वाली जगह को सील कर दिया।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में राज्य सरकार ही होगी प्रशासनिक बॉस- SC, संविधान पीठ ने सुनाया ऐतिहासिक फैसला