देश के कई राज्यों में बेमौसम हुई बारिश ने किसानों को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। मध्य प्रदेश में भी मौसम में बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को बड़ा नुकसान हुआ है। हालात ये हैं कुछ क्षेत्रों में उनकी फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है। ऐसे में राज्य सरकार ने किसानों के आगे आई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सर्वे के निर्देश दिए गए थे। इसके साथ ही आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ओलावृष्टि को लेकर चर्चा भी की है। मुख्यमंत्री ने किसानों को आश्वस्त किया है कि सरकार बर्बाद हुई फसलों की भरपाई करेगी।

प्रति हेक्टेयर 32 हजार रुपए की राहत राशि- CM

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि ओलावृष्टि और बारिश से फसलों के 50 प्रतिशत से ऊपर नुकसान पर किसानों को प्रति हेक्टेयर अब 32 हजार रुपए की राहत राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राहत राशि के अलावा फसल बीमा की राशि अलग से दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि उद्यान की फसलों को भी सर्वे में शामिल करने के निर्देश दिए गये हैं। सीएम शिवराज ने कहा कि किसान चिंता नही करें, परेशान न हो, चिंता के लिए मैं मुख्यमंत्री हूं और किसान, बहन और भाइयों को सभी तरह के संकट से बाहर निकाल कर ले जाऊंगा”।

विदिशा में लिया नुकसान का जायज़ा

सीएम शिवराज ने मंगलवार को विदिशा जिले की गुलाबगंज तहसील के पटवारी खेड़ी, घुरदा मड़ी गांव में ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के बाद किसानों को ढांढस बंधाते हुए संवाद कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान चिंता नही करें, प्रत्येक प्रभावित खेत का सर्वे मानवीय दृष्टिकोण और उदारता से होगा। जिससे किसानों को भरपूर राहत दी जा सके।

प्रभावित जिलों में सर्वे जारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में प्रभावित जिलों में सर्वे का कार्य जारी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी हीला हवाली नही करे और पारदर्शी तरीके से नुकसान का सर्वे करे। उन्होंने कहा कि सर्वे सूची पंचायत भवन पर प्रदर्शित की जायेगी और आपत्ति होने पर उसका भी निराकरण किया जायेगा।

क्षति पर दी जाएगी सहायता राशि

CM ने किसानों से कहा कि एक हेक्टेयर फसल में 50 प्रतिशत से अधिक नुकसान पर अब 32 हजार, गाय भैंस को हानि पर साढ़े 37 हजार, भेड़ बकरी पर 4000, बछिया पर 2000 तथा मुर्गा की हानि पर 100 रुपए के हिसाब से राहत राशि दी जाएगी। इसके अलावा मकानों की क्षति पर भी आंकलन कर राहत राशि दी जाएगी।

कर्ज वसूली की तारीख बढ़ेगी, ब्याज सरकार देगी

सीएम शिवराज ने कहा कि किसान बिलकुल भी चिंतित नहीं हो, पीड़ित किसानों की कर्ज वसुली की तारीख तो बढ़ाई जायेगी। ब्याज भी सरकार ही भरेगी और अगली फसल के लिए भी शून्य प्रतिशत ब्याज पर लोन दिलाया जायेगा।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 56 हजार

मुख्यमंत्री ने कहा कि समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए तारीख भी बढ़ाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे परिवारों की बेटी की शादी भी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 56 हजार की राशि दी जायेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here