मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत करने में जुट गयी है। इसी क्रम में कांग्रेस आलाकमान ने मध्य प्रदेश में आज नई नियुक्तियां की हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने नियुक्तियों के संबध में पत्र जारी कर दिया है।
शिव भाटिया और संजय दत्त MP प्रभारी
संगठन में की नियुक्तियों में कांग्रेस ने AICC सचिव शिव भाटिया और AICC सचिव संजय दत्त को मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया है। इसके अलावा पार्टी ने संजय दत्त को नई जिम्मेदारी देते हुए हिमाचल प्रदेश की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया है इसी के साथ पार्टी ने मप्र के प्रभारी सुधांशु त्रिपाठी को यहां से हटा दिया है।
ऑब्जर्वर भी नियुक्त
पार्टी ने मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावों को देखते हुए ऑब्जर्वर की नियुक्तियां भी की गई हैं। AICC ने मप्र विधानसभा चुनाव 2023 के लिए अर्जुन मोधवाडिया, सुभाष चोपड़ा, कुलदीप सिंह राठोर और प्रदीप टम्टा को विधानसभा चुनावों के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त किया है।
दिग्विजय सिंह ने संगठन को बताया था कमजोर
हाल ही में दिग्विजय सिंह ने सीहोर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का चुनावी मैनेजमेंट संगठन की कमजोरी के कारण कमजोर है। दिग्विजय सिंह ने माना कांग्रेस का संगठन जैसा होना चाहिए वैसा नहीं है। कांग्रेस का जो इलेक्शन मैनेजमेंट है पोलिंग के दिन भी वह कमजोर दिखाई देता है। जनता वोट देना चाहती है लेकिन संगठन की कमजोरी की वजह से वह पूरा नहीं हो पाता है।