पूर्वोत्तर के तीन राज्यों मेघालय नागालैंड और त्रिपुरा में हुए विधानसभा चुनावों में नागालैंड की जनता ने इतिहास रच दिया। यहां पहली बार कोई महिला विधायक चुनी गई। BJP की सहयोगी NDPP पार्टी की प्रत्याशी हेकानी जखालु ने दीमापुर तृतीय सीट से जीत दर्ज की है। इसी के साथ नागालैंड को पहली महिला विधायक मिल गई हैं। हेकानी जखालु ने दीमापुर तृतीय से 1536 वोटों से जीत दर्ज की है। उन्होंने लोक जनशक्ति पार्टी के प्रत्याशी एजेतो झिमोमी को हराया है। इसके अलावा NDPP और BJP गठबंधन की एक अन्य महिला उम्मीदवार सलहूतुनू क्रुसे ने पश्चिमी अंगामी सीट से जीत दर्ज की है। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार केनेजाखो नखरो को 12 वोटों के मामूली अंतर से हरा दिया। बता दें कि,नागालैंड में अभी तक 14 बार विधानसभा चुनाव हुए हैं लेकिन इससे पहले कोई भी महिला MLA नहीं बनी। इस बार विधानसभा चुनाव में 183 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें से 4 महिला प्रत्याशी थीं। हेकानी जखालु, क्रूस के अलावा तेनिंग सीट पर कांग्रेस की रोजी थॉम्पसन और अटोइजू सीट से BJP की काहुली सेमा भी चुनाव लड़ी हैं।