दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अब अपनी पार्टी की धमक राजस्थान में करने की फिराक में हैं। इसी क्रम में वो रविवार राजस्थान के श्रीगंगानगर पहुंचे। राजस्थान में इस साल के आखिरी में विधानसभा चुनाव होने हैं और केजरीवाल इसी मौके को लपकना चाहते हैं। आज उन्होंने श्रीगंगानगर में एक जनसभा को भी संबोधित किया और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा।
कांग्रेस ने 5 साल काम नहीं किया- केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि ‘जब हम यहां आ रहे थे तब हमने देखा कि पूरे गंगानगर और इस स्टेडियम के आसपास गहलोत साहब के पोस्टर लगा रखे हैं। उनसे कहना चाहता हूं कि अगर उन्होंने पिछले 5 साल काम किया होता तो उन्हें ऐसा नहीं करना पड़ता।’ केजरीवाल ने कहा कि यहां सभा में 15-20 लोग आए और वे कुर्सियां फेंक रहे थे। यह सब कायरों की हरकत है। आप (सीएम गहलोत) ने 5 साल काम नहीं किया और यही कारण है कि आप यह कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र उद्धव ठाकरे को लगा दूसरा झटका, अब MLC मनीषा कायंदे ने भी छोड़ी पार्टी
वसुंधरा को बताया गहलोत की बहन
सीएम केजरीवाल ने कहा कि, गहलोत जब विपक्ष में थे तो वसुंधरा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते थे, लेकिन जब वह सत्ता में आए तो दोनों भाई-बहन बन गए। बेचारे सचिन पायलट ‘अरेस्ट वसुंधरा’ कहकर फूट-फूट कर रो रहे हैं, लेकिन गहलोत का कहना है कि वह उन्हें गिरफ्तार नहीं करेंगे. कहते हैं कि वह उनकी बहन हैं। केजरीवाल ने जोर देते हुए सचिन पायलट को बेचारा कहा और बोले कि ‘सचिन पायलट रोते रह गए कि वसुंधरा को गिरफ्तार करो, भ्रष्टाचार के लिए। पर गहलोत कहते हैं कि मैं गिरफ्तार नहीं करूंगा, ये मेरी बहन हैं। अब ये दोनों भाई-बहन बन गए हैं।’
यह भी पढ़ें-लंदन में फिर हुई भारतीय की हत्या, केरल निवासी की चाकू घोंपकर हत्या
सभी दिल्ली-पंजाब जैसी सुविधाएं चाहते हैं- केजरीवाल
जनसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि हर राज्य में लोग दिल्ली-पंजाब जैसी सुविधाएं चाहते हैं। यहां गहलोत साहब के इतने होर्डिंग लगे हैं, जब मैंने पूछा किसी से कि यहां इतने होर्डिंग लगाने की क्या जरूरत थी। इस पर उसने कहा कि अपने कार्यकाल में सीएम गहलोत ने यहां कभी इतनी बड़ी जनसभा नहीं की। उन्होंने कहा कि मेरे आने से पहले यहां कुछ लोग आए और कुर्सियां फेंकने लगे। ये बहुत ही नीच हरकत है। अगर गहलोत साहब पांच साल काम कर लेते तो उनहें ये सब करने की जरूरत नहीं पड़ती, आपका काम बोलता।