मंगलुरु एयरपोर्ट पर एक विमान, पक्षी के टकरा जाने के बाद हादसे का शिकार होने से बाल बाल बच गया। मंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (एमआईए) के रनवे पर यह विमान जैसे ही पक्षी से टकराया, लोगों में अफरातफरी मच गई, जिसके बाद उड़ान रद्द कर दी गई।
कर्नाटक के मंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Mangaluru International Airport) पर एक विमान बड़े हादसे का शिकार होते होते बच गया। मंगलुरु से दुबई जा रहे इंडिगो के एक विमान से पक्षी टकरा जाने के बाद उड़ान रद्द कर दी गई। इस घटना के बाद यात्रियों में अफरा तफरी मच गई।
रद्द हुआ टेक ऑफ
मंगलुरु एयरपोर्ट पर सुबह 8.30 बजे इंडिगो एयरलाइन (IndiGo Airline) का विमान उड़ान भरने के लिए पूरी तरह तैयार था। उसी दौरान विमान के एक विंग से पक्षी टकरा गया। पायलट ने घटना के बारे में तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचित कर टेक ऑफ को रद्द कर दिया।
सभी यात्री सुरक्षित
विमान के टेक ऑफ के बाद सभी 160 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। साथ ही विमान को पूरी तरह से इंजीनियरिंग निरीक्षण के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
अधिकारियों ने यात्रियों के दुबई जाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की। यात्रियों को दुबई ले जाने के लिए दूसरे विमान में बैठाया गया। साथ ही दुबई के लिए उड़ान 11.05 पर तकनीशियनों के निरीक्षण के बाद ही भरी गई।