त्रिपुरा में बीजेपी विधायक दल की बैठक के बाद डा0 माणिक साहा को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। इसके साथ ही माणिक साहा त्रिपुरा के अगले मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बीजेपी के प्रवक्ता ने बैठक के बाद बताया कि नेता के चयन को पार्टी के सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से समर्थन दिया था। नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण 8 मार्च को होगा।

कौन कौन शामिल होगा शपथ ग्रहण में ?

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और बीजेपी शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी शामिल होने की संभावना है। बता दें कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 32 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि उसके सहयोगी इंडीजेनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा ने एक सीट जीती थी। पूर्ववर्ती राजघराने के वशंज प्रद्योत किशोर देबबर्मा की ओर से गठित टिपरा मोथा पार्टी को 13 सीट मिली हैं जबकि वाम-कांग्रेस गठबंधन ने 14 सीट हासिल की हैं।

हेमंत बिस्वा सरमा ने निभाई अहम भूमिका

असम के मुख्यमंत्री और एनईडीए के प्रमुख हिमंत बिस्वा दारमा ने चुनावों के बाद राज्य का दौरा किया था और अगले मंत्रिमंडल के संभावित गठन पर मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ सहयोगियों के साथ बैठकें की थीं। सुचारु परिवर्तन सुनिश्चित करने के लिए सरमा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ कैबिनेट की संरचना और उसके नेता के साथ भी बैठक की थी।

माणिक साहा के बारे में जानिये

मई 2022 में तत्कालीन सीएम बिप्लब कुमार देब के इस्तीफे के कुछ घंटे बाद ही पार्टी ने माणिक साहा को अगला सीएम घोषित किया था। माणिक साहा ने 15 मई 2022 को राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। माणिक साहा साल 2016 में बीजेपी में शामिल हुए थे। इससे पहले वे कांग्रेस में थे। बीजेपी से जुड़ने के बाद उन्हें बूथ प्रबंधन समिति और राज्य स्तरीय स्दस्यता अभियान के प्रभारी का जिम्मा सौंपा गया था। माणिक साहा को सीएम बनने से एक महीने पहले ही राज्यसभा सांसद चुना गया था। सीएम बनाए जाने के बाद उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता छोड़ दी थी।

पेशे से सर्जन रह चुके हैं डा0 माणिक साहा

70 वर्षीय माणिक साहा एक ओरल और मैक्सिलोफेशियल सर्जन हैं, जिन्होंने किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज, लखनऊ से स्नातक किया है। वह डेंटल काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य भी हैं। दरअसल, अपने पद पर रहते हुए मुख्यमंत्री साहा ने अपने पुराने कार्यस्थल, त्रिपुरा मेडिकल कॉलेज में 10 साल के एक लड़के की सर्जरी की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here