बंगाल की खाड़ी में भीषण चक्रवात मोका तूफान बन चुका है, लेकिन इसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर होता नहीं दिख रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में आसमान पूरी तरह साफ है। मध्य प्रदेश पर सूर्य की सीधी किरणें पड़ रही हैं। पड़ोसी राज्य राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश में भी जबर्दस्त गर्मी पड़ रही है।

यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग के रिक्त पदों के लिए प्रारंभिक परीक्षा 21 मई को, प्रवेश पत्र प्राप्त करने के लिए पूरी ख़बर पढ़ें

भोपाल में पारा पहुंचा 42 डिग्री

गर्म हवाओं के थपेड़ों से मध्य प्रदेश में भी बदन झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। शुक्रवार को रतलाम और धार में लगातार दूसरे दिन जबरदस्त लू देखने को मिली थी। साथ ही प्रदेश के 25 शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज हुआ है। वहीं अब चार से अधिक शहर लू की चपेट में आ सकते हैं। राजधानी भोपाल में भी सुबह से ही गर्मी के तेवर काफी तीखे दिख रहे हैं। भोपाल का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर नहीं

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के आसपास ट्रफ के रूप में बना हुआ है, लेकिन यह मौसम प्रणाली काफी कमजोर है। इस वजह से इसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर नहीं पड़ रहा है।

‘मौसम में फिलहाल बदलाव की संभावना नहीं’

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि मध्य प्रदेश और इसके आसपास के राज्यों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। मई माह में मध्य क्षेत्र में सूर्य की किरणें सीधी धरती पर पड़ती हैं। साथ ही हवा का रुख भी पश्चिमी बना हुआ है। लगातार गर्म हवा चलने के कारण राजधानी भोपाल सहित पूरे प्रदेश में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। तापमान बढ़ने का सिलसिला अभी बना रहने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here