केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू सड़क हादसे में बाल-बाल बचे हैं। जम्मू से श्रीनगर जा रहे कानून मंत्री रिजिजू की कार ट्रक से टकरा गई। गनीमत ये रही कि इस दुर्घटना में किरण रिजिजू को किसी भी तरह की कोई चोट नहीं आई है।
एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे श्रीनगर
बता दें कि कानून मंत्री किरण रिजिजू जम्मू-कश्मीर में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। बताया जा रहा है कि वह सड़क के रास्ते जम्मू से श्रीनगर जा रहे थे। बनिहाल के पास उनके वाहन ने आगे जा रहे एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया और इसी दौरान टक्कर हो गई। हलांकि केंद्रीय मंत्री को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा है।
ये भी पढ़ें– झारखंड: रांची में बवाल, सरना झंडे को लेकर सड़कों पर आगजनी, 150 को हिरासत मे लिया
पुलिस ने दी जानकारी
रामबन पुलिस ने इस मामले में ज्यादा जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आज सड़क मार्ग से जम्मू से श्रीनगर जाते समय केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री किरण रिजिजू की कार का मामूली एक्सीडेंट हो गया। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचा दिया गया।