उत्तराखंड में राजधानी देहरादून-मसूरी रोड पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां मसूरी से देहरादून लौट रही एक उत्तराखंड रोडवेज बस खाई में जा गिरी। ये हादसा मसूरी से बस 5-6 किमी पहले हुआ जहां बस 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई और कई लोग घायल बताये गए हैं।
बस में सवार थे 40 यात्री
जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड रोडवेज की बस मसूसी के मेसानिक लॉज बस स्टेशन से देहरादून के लिए रवाना हुई थी। मसूरी से बस 5-6 किमी आने पर शेर घड़ी के पास बस अनियंत्रित होकर 100 फिट गहरी खाई में गिर गई। बताया जा रहा है कि बस में चालक समेत 40 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस के साथ ITBP के जवान पहुंच गए और घायलों को रेस्क्यू करने में जुट गए।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दु:ख
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देहरादून-मसूरी हाईवे पर बस के खाई में गिरने का समाचार अत्यंत दुःखद है। स्थानीय प्रशासन ने त्वरित रूप से राहत एवं बचाव कार्य करते हुए सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया है और घायलों को उपचार के लिए मसूरी भेज दिया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। ओम शान्ति।
हादसे की वजह से लगा लंबा जाम
बीच पहाड़ी के रास्ते पर हुए इस हादसे की वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। देहरादून मसूरी हाईवे पर भारी जाम की स्थिति बन गयी। इस बीच रेस्क्यू करने पहुंचे ITBP के जवान और स्थानीय पुलिस ने सड़क पर लग गये जाम को खुलवाया। हलांकि बस का संतुलन कैसे खोया इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।