देश की राजधानी दिल्ली और उत्तर भारत समेत तमाम राज्यों में इस बार भीषण गर्मी अपने रंग दिखाना शुरू कर रही है। कई राज्यों में तो पारा अभी से 40 डिग्री के पार जा पहुंचा है। इन राज्यों के हीट वेव भी जारी है।

DELHI-NCR में मिल सकती है राहत

इस बीच, दिल्ली एनसीआर में गुरुवार को आसमान से बरसती आग से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के तेज हवा के साथ बारिश होने के पूर्वानुमान से उलट बुधवार को भी गर्मी के तेवर तल्ख ही रहे। दिनभर धूप खिली रही। हालांकि बुधवार को अधिकतम तापमान में कुछ कमी दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने अब गरुवार को गर्जना वाले बादल बनने एवं हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। बीते कुछ दिनों की तुलना में बुधवार को दिन का तापमान जरूर कुछ कम रहा। तीन दिन से अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर चल रहा था।

मध्य प्रदेश में मौसम के 2 रूप

मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। प्रदेश में एक तरफ तेज गर्मी पड़ रही है। वहीं आज सुबह से राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। जिससे तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई।

राजधानी भोपाल, रायसेन, नर्मदापुरम, सीहोर और जबलपुर के कुछ हिस्सों में आज सुबह से हल्की बारिश हुई। करीब 10 मिनट तक रिमझिम बारिश होती रही। ऐसे में यहां तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखी गई। हल्की बारिश की वजह से सुबह के वक्त लोगों को गर्मी से भी कुछ राहत मिली।

उत्तर प्रदेश में मिलेगी गर्मी से राहत!

प्रदेशवास‍ियों को अगले 24 घंटे में च‍िलच‍िलाती धूप और गर्म हवा से राहत म‍िलने वाली है। मौसम व‍िभाग ने प्रदेश के कुछ ज‍िलों में तेज आंधी-पानी का अलर्ट जारी क‍िया है। जल्द बादलों की आवाजाही शुरू होने से तापमान में भी ग‍िरावट आएगी। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में गुरुवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 14 जिलों में गरज और चमक के साथ बारिश का अंदेशा जताया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एम दानिश के अनुसार, गुरुवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत तराई बेल्ट और लखनऊ से सटे कुछ जिलों में छिटपुट बौछार कर सकती है। वहीं शुक्रवार से बारिश के आसार मध्य से पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में नजर आएंगे। 23 अप्रैल की सुबह तक पूर्वांचल के अलग-अलग हिस्सों में बौछार पड़ सकती है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

बिहार में गर्मी का कहर

बिहार में तेज धूप और गर्मी का सितम जारी है। दोपहर में शहरों की सड़कें सूनी हो जा रही हैं। गर्मी के कारण कई जिलों के स्कूलों के टाइमिंग में बदलाव किया गया है। मुजफ्फरपुर में पांचवी कक्षा तक के बच्चों को छुट्टी दे दी गई है। राज्य के 25 शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है।

पटना में बुधवार का अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने पूवार्नुमान में हालांकि कहा है कि दो दिन राहत की उम्मीद नहीं है, लेकिन उसके बाद कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है। बिहार के 20 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here