पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम में भारी बर्फबारी के कारण जन जीवन प्रभावित हो गया है। हालात ये हैं कि यहां करीब 900 पर्यटक बर्फबारी में फंस गए हैं। पुलिस की जानकारी के मुताबिक नाथूला और सोमगो झील से शनिवार शाम सिक्किम की राजधानी गंगटोक की ओर लौटते हुए करीब 900 पर्यटक भारी बर्फबारी के कारण रास्ते में फंस गये। इन पर्यटकों को बचाने के लिए सेना के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
89 वाहन बफबारी में फंसे, 15 वाहनों को निकाला गया
सिक्किम पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सेना के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुल 900 पर्यटकों के फंसे होने की सूचना मिली है। बचाव अभियान में अब तक 89 वाहनों में से 15 वाहनों को निकाल लिया गया है। उन्होंने कहा कि बर्फ को धीरे-धीरे रास्तों से हटाया जा रहा है और निकाली गयी गाड़ियों को 46 किलोमीटर दूर गंगटोक के लिए रवाना कर दिया गया है।
रात भर शिविर में रहेंगे पर्यटक
पुलिस अधिकारी ने कहा कि कुछ पर्यटकों को रात सेना के एक शिविर में बितानी पड़ सकती है। सेना ने फंसे हुए पर्यटकों की हरसंभव मदद का वादा किया है। प्रशासन ने पूर्वी सिक्किम में भारी बर्फबारी के कारण कुछ दिन के लिए नाथूला और सोमगो झील के लिए पास जारी करना हाल में बंद कर दिया था।